दिल्ली में राजस्थान के 50 हजार कांग्रेसी मोदी सरकार के खिलाफ करेंगे विरोध प्रदर्शन


केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आगामी 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शन में राजस्थान से 50 हजार कांग्रेसी कार्यकर्ता और नेता जुटेंगे. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस को यह टारगेट दिया है. जिस पर प्रदेश सत्ता और संगठन ने तैयारी भी शुरू कर दी है. 


इसकी तैयारियों के लिए रविवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे की मौजूदगी में सीएमओ में संगठन की बैठक बुलाई गई। इसमें राजस्थान से 50 हजार कार्यकर्ताओं के दिल्ली के आंदोलन में शामिल होने का लक्ष्य रखा गया।  



  • इस बैठक में सीएम गहलोत ने कहा कि 14 दिसंबर को रैली के रूप में दिल्ली पहुंचना है। उन्होंने कहा कि देश की जो दुर्दशा हो रही है उसे लेकर भाजपा को संदेश देना है। उस दौर में इंदिरा जी ने भारत बचाओ दिवस मनाया था। इसमें देशभर से लोग आए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने सुशासन और रोजगार देने का जो वादा किया था, उसी आधार मतदाताओं ने इन्हें दो बार अवसर दिया। लेकिन, ये अपने एजेंडे को प्रायोजित तरीके से  आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं । संघ और भाजपा की सोच और निर्णयों से लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा हो रहा है।


वहीं, उपमुख्यमंत्री व प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि 14 दिसंबर को कम से कम 50 हजार कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। इस रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। सोनिया गांधी के आह्वान पर प्रदेश के कांग्रेसी कार्यकर्ता इस आंदोलन में शामिल होंगे। इससे पहले सभी जिलों में बैठकें होंगी। 5 दिसंबर से पहले सभी प्रभारी मंत्री जिलों के दौरे पर रहेंगे। वहीं, जिला और ब्लॉक कांग्रेस की बैठकें ली जाएंगी।


मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक करीब 3:30 घंटे तक चली. जिसमें शुरुआत में मंत्रिपरिषद के सदस्यों और उसके बाद में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष भी बैठक में शामिल हुए. ताकि तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके। 


 


टिप्पणियाँ